देहरादून. देहरादून में एक महिला के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. उस महिला की कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है. वह महिला देहरादून के फोर पॉइंट शेरटन होटल में ठहरी थी. इसके बाद देहरादून के डीएम आशीष कुमार श्रीवास्तव ने एहतियात के तौर पर तत्काल प्रभाव से इस होटल को अगले आदेश तक सील करने का आदेश दिया है. डीएम के आदेश के बाद होटल को सील कर दिया गया है.
22 मार्च को जनता कर्फ्यू का आह्वान
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के ख़तरे को देखते हुए आगामी 22 मार्च को देशवासियों से जनता कर्फ्यू में अपनी-अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है. वहीं पूरे देश समेत उत्तराखंड की जनता भी पीएम मोदी के जनता कर्फ्यू के आह्वान के साथ अभी से जुड़ी हुई नजर आ रही है. वहीं जनता कर्फ्यू के दौरान लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए उत्तराखंड पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है