अनामिका मिश्रा एडिटर:देहरादून। उत्तराखंड पुलिस अब एक नए कलेवर और नए गौरव चिह्नों के साथ नज़र आएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवासीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न (क्रेस्ट), फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया और सेरेमोनियल वर्दी का औपचारिक अनावरण किया।
इस नई पहचान के साथ उत्तराखंड पुलिस आगामी 6 नवंबर को एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेगी, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ (President’s Police Colour) से अलंकृत करेंगे। इस विशेष परेड समारोह में जवान पहली बार अपनी नई सेरेमोनियल वर्दी में शामिल होंगे।
वर्दी में बदलाव केवल स्वरूप नहीं, जिम्मेदारी का एहसास: सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस बल को बधाई देते हुए कहा कि प्रतीकों और वर्दी में यह बदलाव केवल नया लुक देने तक सीमित नहीं है। यह पुलिस की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मूल आदर्शों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
”पुलिस की नई पहचान का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब हर नागरिक को पुलिस के व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता महसूस हो। वर्दी का सम्मान आचरण से और जनता का विश्वास सेवा से ही मजबूत होता है।” — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
स्मार्ट पुलिसिंग’ और आधुनिक तकनीक पर बल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ विज़न का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित, अधिक प्रशिक्षित और सक्षम बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों और जवानों को नए ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ को अपनी दैनिक कार्यशैली और आचरण में पूरी तरह आत्मसात करना होगा।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, हेल्पलाइन 1064 पर करें शिकायत
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था अनिवार्य है।