अमरनाथ यात्रा के बीच ऑपरेशन महादेव के तहत भारतीय सेना को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। जवानों ने श्रीनगर के दाचीगाम के ऊपरी क्षेत्र के जंगल में भीषण मुठभेड़ में तीन आतंकी मार गिराए। ये आतंकी लश्कर-ए-ताइबा के बताए जा रहे हैं लेकिन देर रात तक शिनाख्त नहीं हुई थी। इनमें से कम से कम एक के पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े होने की बात कही जा रही है। अलबत्ता, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मुठभेड़ स्थल से अमेरिका निर्मित एक एम4 कार्बाइन असॉल्ट राइफल, एके सीरीज की दो राइफल समेत गोला-बारूद बरामद हुआ था।
श्रीनगर से 25 किलो दूर है मुठभेड़ स्थल
दाचीगाम वन क्षेत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर से करीब 25 किलोमीटर दूर है और मुठभेड़ लिदवास में हुई। ऑपरेशन से जुड़े एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि स्पेशल फोर्सेज 4 पैरा और 24 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) को सोमवार की सुबह लिदवास में दो से तीन आतंकियों की मौजूदगी के सूचना मिली थी। इसके आधार पर ऑपरेशन महादेव शुरू किया गया।

सेना ने की थी अतिरिक्त घेराबंदी
आतंकियों की पुष्टि होने पर अतिरिक्त बल को बुलाकर घेरा और सख्त किया गया ताकि आतंकी बचकर निकल न सकें। खुद को घिरा देख आतंकियों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की लेकिन जवानों ने जवाबी कार्रवाई कर उन्हें मुठभेड़ में उलझा लिया। इस दौरान भीषण गोलीबारी हुई और तीन आतंकी ढेर हो गए। ऑपरेशन की सफलता पर चिनार कोर ने एक्स पर लिखा कि लिदवास में भीषण गोलीबारी में तीन आतंकी मारे गए। ऑपरेशन जारी है।