देहरादूनः कोलकाता में डॉक्टर के साथ रेप के खिलाफ देश भर में आक्रोश के बीच उत्तराखंड में एक युवती के साथ बस में बलात्कार का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से उत्तराखंड जाने वाली रोडवेज बस में नाबालिग लड़की के साथ रेप किया गया। मामले में तुरंत ऐक्शन लेते हुए पुलिस ने बस ड्राइवर, कंडक्टर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस केस की जांच कर रही है। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है। वह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली है।

12 अगस्त की रात साढ़े 12 बजे वह दिल्ली से उत्तराखंड पहुंची थी। आईएसबीटी स्थित सरोजिनी सीडब्ल्यूसी की पर्यवेक्षक ने बताया कि 13 अगस्त की सुबह 2 से ढाई बजे के बीच में बच्ची बदहवास हालत में मिली थी। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। अंदरुनी चोट है या नहीं, यह मेडिकल टेस्ट के बाद पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि बच्ची को वेलफेयर सेंटर भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुरुआत में किशोरी ने परिस्थितियों का खुलासा नहीं किया, लेकिन काउंसलिंग के दौर के बाद पता चला कि खड़ी बस में कई लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया। लड़की मुरादाबाद से पंजाब जाने की कोशिश कर रही थी, तभी उसे बस कंडक्टर देवेंद्र ने धोखा दिया और वह उसे देहरादून ले गया। पुलिस अधिकारियों ने
बताया, “पूछताछ के दौरान आरोपी देवेंद्र ने बताया कि पीड़िता उससे दिल्ली कश्मीरी गेट स्टेशन पर मिली थी और उससे पंजाब जाने वाली बस के बारे में जानकारी मांग रही थी। आरोपी नाबालिग लड़की को यह कहकर देहरादून ले आया कि वह उसके साथ देहरादून जाएगा और उसे पंजाब भेज देगा।”
हालांकि, जब बस देहरादून पहुंची और सभी यात्री उतर गए, तो आरोपी ने स्टेशन पर मौजूद अन्य बस ड्राइवरों के साथ मिलकर लड़की के साथ बलात्कार किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले में एसएसपी ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रेप के आरोप में बस ड्राइवर और कंडक्टर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आधी रात को रेप की बात सामने आ रही है, जिसके बाद से बच्ची की मानसिक हालत ठीक नहीं है। बता दें कि उत्तराखंड में ही बीते दिनों अस्पताल से घर लौट रही एक नर्स के साथ भी रेप की घटना हुई थी। उसके साथ लूटपाट की गई थी और फिर उसकी हत्या कर दी गई।