हाईवे पर गलत दिशा से आ रही कार को बचाने की कोशिश में एक स्कूल की दो बसें आपस में टकरा गई। हादसे में बसों में सवार दस छात्र और एक बस का चालक घायल हो गए। हादसा होता देख राहगीर मौके पर पहुंचे और घायल छात्रों को भगवापुर व रुड़की के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल की तरफ दौड़ पड़े।
रुड़की के आदर्शनगर स्थित ग्रीन-वे स्कूल की दो बसें बुधवार दोपहर छुट्टी होने के बाद भगवानपुर क्षेत्र के छात्रों को छोड़ने जा रहीं थीं। दोनों बसेें आगे-पीछे चल रही थी। जैसे ही दोनों बसें भगवानपुर के किशनपुर गांव के पास पहुंची तो सामने से गलत दिशा से आ रही कार को बचाने की कोशिश में आगे चल रही बस के चालक ने ब्रेक मार दिए। आगे वाली बस कार से टकरा गई। वहीं पीछे चल रही बस अगली बस से टकरा गई।
टक्कर लगते ही बस में चीख पुकार मच गई। बच्चों की चीख सुनकर राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। हादसे में बसों में सवार करीब दस छात्र घायल हो गए। साथ ही पीछे चल रही बस का चालक इदरीस भी घायल हो गया। राहगीरों ने घायल छात्रों और चालक को बस से बाहर निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। वहीं, सूचना मिलते ही छात्रों के परिजन अस्पतालों की तरफ दौड़ पड़े।