दो वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के लिए होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों का तुक्का नहीं चला। माइनस मार्किंग के चलते अभ्यर्थियों ने परीक्षा को लेकर रिस्क नहीं लिया। जितने सवाल आते थे, उतने ही उत्तर दिए। अभ्यर्थियों का कहना था कि पेपर काफी सरल रहा। कोई भी प्रश्न बाहर से नहीं आया था। वैकल्पिक पेपर के लिए तीन घंटे काफी अधिक समय रहा। कई छात्रों का पेपर एक घंटे में पूरा हो गया था। राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड 2022 के लिए शहर में 42 केंद्र बनाए गए थे।
इसमें से छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कैंपस में भी दो परीक्षा केंद्र बने थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली सुबह नौ से 12 बजे तथा दूसरीपाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक हुई। परीक्षा में 20,803 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। नोडल प्रभारी डॉ. रश्मि गोरे ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर एक घंटे पहले ही छात्रों को एंट्री दे दी गई। रुहेलखंड यूनिवर्सिटी की ओर से सभी अभ्यर्थियों को कोरोना किट दी गई, जिसमें मास्क और सैनिटाइजर था। पहली पाली में जनरल साइंस और भाषा का पेपर था और दूसरी पाली में विषयवार प्रश्न पूछे गए थे।