मां-बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। महिला से बाइक सवार आरोपी ने दुष्कर्म किया था। इसके बाद कार सवार चार लोग महिला और उसकी बेटी को जबरन कार में डालकर ले गए और दोनों से सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही मंगलौर बाईपास किनारे खेतों में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक सवार और कार सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बाइक व कार बरामद कर ली है। साथ ही पांचों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस कोतवाली में एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एक आरोपी महक सिंह उर्फ सोनू निवासी इमलीखेड़ा थाना कलियर ने 24 जून की रात महिला व उसकी बेटी को रुड़की से कलियर छोड़ने की बात कही थी। वह दोनों को बाइक में बैठाकर सोलानी नदी पुल के पास एक सुनसान रास्ते में ले गया था, जहां उसने महिला को डरा धमकाकर दुष्कर्म किया। इस बीच वहां से एक सफेद रंग की अल्टो कार निकली, जिसमें चार लोग सवार थे।