कानपुर में पिछले जुमे को परेड-नई सड़क पर भड़की हिंसा के बाद इस बार उलमा ने अपीलें जारी की हैं। शहरकाजी मुफ्ती साकिब अदीब मिस्बाही ने शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नमाज पढ़कर अपने अपने घरों और दुकानों में जाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें। जुमे को किसी तरह की कोई बंदी का आह्वान नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं है। बेकनगंज के रूपम चौराहे पर हुई प्रेस वार्ता में शहरकाजी ने कहा कि हालात सामान्य हो रहे हैं। ऐसे में दोनों समुदाय के लोग कोई ऐसा काम न करें, जिससे अमन चैन में खलल पड़े। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट न करने की अपील की।
शहरकाजी ने कहा कि घरों पर बुलडोजर चलाए जाने की अफवाहें हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि निर्दोषों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। पुलिस कमिश्नर को निर्दोषों की सूची भी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि मस्जिदों के इमामों से कहा गया है कि वे जुमा की नमाज बाद लोगों से घरों को जाने के अपील करें। वार्ता में नायब शहरकाजी सगीर आलम हबीबी, महबूब आलम, कारी अब्दुल मुत्तलिब मौजूद रहे।