सीआईएसएफ में आरक्षक व जीडी पदों पर हो रही भर्ती में आयु सीमा का लाभ लेने के लिए आगरा व धौलपुर के दो युवकों को अनुसूचित जाति के फर्जी प्रमाण पत्रों के साथ सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट ने पकड़ लिया। जिसके बाद रानीपुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
भर्ती प्रक्रिया में नियमानुसार आरक्षित अभ्यर्थियों को आयु सीमा तथा हाइट में छूट का प्रावधान है। भर्ती परीक्षा में आए दोनों अभ्यर्थी धीरज कुमार व सत्येंद्र पुत्र राम हंस ने खुद को अनुसूचित जनजाति श्रेणी का बताया गया था। दोनों अभ्यर्थियों की फिजिकल टेस्ट के दौरान आयु सीमा तथा हाइट में छूट देने के प्रावधान के अनुसार उक्त दोनों अभ्यर्थियों के जाति प्रमाण पत्र चेक किए गए तो चेकिंग के दौरान दोनों अभ्यर्थियों के जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए।
पूछताछ करने पर धीरज कुमार ने अपनी जाति ब्राह्मण ( तिवारी) तथा सत्येंद्र ने अपनी जाति राजपूत (जादौन) बताई। आरोपियों ने बताया कि उनकी आयु अधिक होने के कारण आयु सीमा में छूट लेने के लिए जाति प्रमाण पत्र फर्जी तरीके से अनुसूचित जनजाति के बनाए हैं। जिसके बाद असिस्टेंट कमांडेंट परमजीत सिंह धीरज कुमार तथा सतेंद्र को रानीपुर कोतवाली ले आए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।