बेटियों के हुनर को मौका मिला तो उम्मीदों ने उड़ान भरनी शुरू की। कम उम्र में ही कड़ी मेहनत कर अपने हुनर को निखार ऊंची उड़ान भरने वाली उत्तराखंड की इन बेटियों पर पूरा हिंदुस्तान फख्र कर रहा है। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर हम ऐसी ही बेटियों से आपको रूबरू करा रहे हैं।
नेशनल गेम्स में छायी गोल्डन गर्ल अंकिता
गोल्डन गर्ल के नाम से पहचान बना चुकी उत्तराखंड की एथलीट अंकिता ध्यानी ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एक दिन में दो इवेंट में मेडल जीते हैं। खेल में करियर बनाने की चाह रखने वाली अंकिता पहाड़ी पगडंडियों पर दौड़कर अभ्यास किया करती थीं। पंद्रह सौ, तीन हजार और पांच हजार मीटर की दौड़ में राष्ट्रीय स्तर पर कई बार गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। पंजाब में हुई 19वीं नेशनल फेडरेशन कप जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अंकिता ने गोल्ड और सिल्वर मेडल हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन केन्या के नैरोबी में होने वाली अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ। जिस तरह हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया ने ओलंपिक में शानदार रिकॉर्ड बनाया तो वहीं गोल्डन गर्ल अंकिता ध्यानी नेशनल गेम्स में छायी रहीं। किसान महिमानंद ध्यानी की होनहार बेटी अंकिता ने राज्य के साथ ही पूरे देश का नाम रोशन किया।
चाहत राजावत के विचारों से बड़े-बड़े अभिनेता प्रभावित
उत्तराखंड की बेटी व बाल कलाकार चाहत सिंह राजावत के अभिनय के तो सभी कायल हैं, लेकिन उनके विचारों से बड़े-बड़े अभिनेता प्रभावित हुए। केवल 10 साल की चाहत ने दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, विक्रांत मैसी, अभिनेत्री तापसी पन्नू, राधिका आप्टे जैसे कलाकारों के साथ फिल्में की हैं। चाहत कई धारावाहिक, वेब सीरीज और विज्ञापनों में भी नजर आ चुकी हैं। चाहत ने सिर्फ अपने अभिनय से ही नहीं बल्कि अपने विचारों से अभिनेता अनुपम खेर के दिल को छुआ।
अभिनेता अनुपम खेर चाहत के विचारों से इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर चाहत से बातचीत का वीडियो भी साझा किया। राष्ट्र से जुड़े विचारों को लेकर कही चाहत की बात को लोगों ने खूब पसंद किया। छोटी सी उम्र में चाहत की यह परिपक्वता ही उन्हें कामयाबी की ओर ले जा रही है। फिल्म इंडस्ट्री में बाल कलाकार के रूप में मजबूत पहचान बना रही अपनी छोटी सी बेटी की बड़ी बड़ी उपलब्धियों से पिता गदगद हैं। चाहत को लगातार बड़े बड़े अभिनेताओं के साथ प्रोजेक्ट करने का मौका मिल रहा है।