हरिद्वार में मकर संक्रांति के मौके पर शुक्रवार को गंगा स्नान प्रतिबंधित रहा। हरकी पैड़ी को बैरिकेड लगाकर सील कर दिया, लेकिन कोविड नियमों की अनदेखी कर अन्य घाटों पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। हरकी पैड़ी पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन और आठ सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। लेकिन आसपास के गंगा घाटों पर हजारों की भीड़ उमड़ रही है।
हरकी पैड़ी छोड़कर दूसरे कई घाटों पर लोग स्नान कर रहे हैं। आसपास घाटों पर हजारों की भीड़ मौजूद है। यहां कोरोना गाइडलाइन का कोई पालन नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण कोरोना संक्रमण फैसले का डर बना हुआ है।
वहीं ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर भी मकर संक्रांति स्नान पर्व पर सन्नाटा पसरा रहा। देवप्रयाग में मकर सक्रांति के पर्व पर पूजा स्नान करने कुछ ही लोग पहुंचे। जबकि पूर्व में मकर संक्रांति के दिन गंगा स्नान को सुबह ही लोग पहुंच जाते थे। हालांकि उत्तरकाशी के मणिकर्णिका घाट मकर संक्रांति के स्नान के लिए सुबह 3:00 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
मकर संक्रांति स्नान प्रतिबंधित करने के बाद जिले की सीमाओं पर गुरुवार से ही पुलिस ने पहरा कड़ा कर दिया था। बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को लौटा गया।