हर शहीद के घर के आँगन से लाई गई पवित्र मिट्टी:परिजनों को शौर्य सम्मान पत्र
बोले राजनाथ,`विकास के धाकड़ ऑल राउंडर हैं CM पुष्कर’
Chetan Gurung
देश की खातिर लड़ते हुए या फिर कर्तव्य निभाते हुए शहीद सैनिकों के सम्मान में देहरादून के गुनियाल गाँव में सैन्य धाम का निर्माण पूरी भव्यता के साथ किया जाएगा। 63 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाले धाम का भूमि पूजन करने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देहरादून पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मिल के इस शुभ कार्य को अंजाम दिया। इसके साथ ही शहीद सम्मान यात्रा का भी समापन हो गया। इस मौके पर उन्हों ने पुष्कर को विकास के क्षेत्र में धाकड़ ऑल राउंडर करार दिया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप सैन्य धाम का निर्माण किया जाएगा। हमारी सांस्कृतिक परम्परा है कि जो देश के लिए अपनी जिंदगी न्यौछावर करते हैं, उनको देवतुल्य माना जाता है। उत्तराखण्ड, देवभूमि, तपोभूमि, वीरता और पराक्रम की भूमि है। प्रधानमंत्री मोदी के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड में पांचवां धाम (सैन्यधाम) बन रहा है। जो सैन्य धाम में आएगा, वह शहीदों की शौर्य गाथा उनकी प्रेरणा लेकर जाएगा।
उन्होंने उत्तराखण्ड को वीरों की भूमि बताते हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका इस तरह जाना भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की हर समस्या का समाधान करने के लिए सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास किए गए हैं। सैनिकों के सम्मान के लिए जो भी करना होगा, सरकार हमेशा उसके लिए तत्पर है। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। धारचूला- लिपुलेख-मानसरोवर जाने का रास्ता बन गया है। सांस्कृतिक दृष्टि से यह रास्ता बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा भारत और नेपाल के बीच रोटी और बेटी का अटूट रिश्ता है।
उन्होंने कहा कि आज हमारी सेना हर मोर्चे पर पूरी क्षमता के साथ खड़ी है। भारत विश्व के रूप में मजबूत और ताकतवर भारत के रूप में उभर रहा है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धाकड़ बल्लेबाज के साथ ही तेज तर्रार गेंदबाज भी हैं। करार देते हुए कहा कि वह विकास के क्षेत्र में ऑलराउंडर हैं। बड़े पैमाने पर उनके दौर में विकास के कार्य हुए हैं। उनके नेतृत्व में ही 2024 में उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनेगा। ग्रुप केप्टन वरूण सिंह के निधन की जानकारी मिलने पर केंद्रीय रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री ने उनको श्रद्धांजलि दी। उनके सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर ने जनरल बिपिन रावत का स्मरण करते हुए कहा कि वे अपनी अंतिम सांस तक देश के लिये समर्पित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका बिपिन रावत के साथ अपने पिताजी की रेजीमेंट महार रेजीमेंट जाने का कार्यक्रम था। जनरल रावत के उत्तराखण्ड को लेकर कुछ सपने थे, जिन्हें राज्य सरकार पूरा करने के लिये तत्पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी के नेतृत्व में देश की सेना का मान बढा है। दुश्मनों को जवाब देने के लिये वीर सैनिकों को पूरी छूट दी गई है।