खड़िया लदे वाहनों का चालान रद करने के लिए बागेश्वर के पुलिस कप्तान को संबोधित पत्र मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी नंदन सिंह बिष्ट को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया में पत्र के वायरल होने और विपक्ष के सदन में सवाल उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर बिष्ट की पीआरओ पद से छुट्टी कर दी गई। बिष्ट पर गाज गिराने के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात सभी पीआरओ, मुख्य कोऑर्डिनेटर और कोऑर्डिनेटर पर लेटर हेड के प्रयोग पर पाबंदी लगा दी गई। अब वे हस्ताक्षर से कोई सरकारी पत्र या निर्देश जारी नहीं कर सकेंगे। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) आनंद बर्द्धन ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी नंदन सिंह बिष्ट के लेटर हेड पर लिखा पत्र सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ। इस पत्र में मुख्यमंत्री के मौखिक आदेश के हवाले से बागेश्वर के पुलिस कप्तान को निर्देश दिए गए कि यातायात पुलिस ने तीन वाहनों का जो चालान किया है, उन्हें निरस्त कर दिया जाए। इस पत्र को लेकर विपक्ष ने सदन में खूब हंगामा काटा।
मामला संज्ञान में आते ही शनिवार सुबह ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख दिखाते हुए पीआरओ को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं उनके निर्देश पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी पीआरओ, कोऑर्डिनेटरों और मुख्य कोऑर्डिनेटर को ताकीद किया कि वे लेटर हेड का प्रयोग नहीं करेंगे और अपने हस्ताक्षर से कोई सरकारी पत्र जारी नहीं करेंगे। अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं।