पाकिस्तान सरकार ने सभी चैनलों को अनिवार्य रूप से रात नौ बजे बुलेटिन प्रसारित करने से पहले देश का नया राजनीतिक नक्शा दिखाने को कहा है। पाकिस्तानी न्यूज चैनलों के लिए यह अधिसूचना पाकिस्तान इलेक्ट्रानिक मीडिया नियामक प्राधिकरण (PEMRA) ने तीन नवंबर को जारी की है। जिसमें कहा गया है कि सभी समाचार चैनल (सरकारी, निजी) उस नक्शे को दिखाएंगे जिसे पिछले साल अगस्त में प्रधानमंत्री इमरान खान ने जारी किया था। पेमरा पाकिस्तान की मीडिया अथॉरिटी है।
नया राजनीतिक नक्शा रोजाना न्यूज बुलेटिन से पहले दो सेकेंड के लिए प्रदर्शित करना होगा। अधिसूचना में कहा गया है “लाइसेंसधारी सभी सैटेलाइट टीवी चैनलों (न्यूज और करंट अफेयर्स/ क्षेत्रीय भाषा) के लिए इस नियम का पालन करना अनिवार्य है।
जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान आजकल इसी नक्शे को प्रचारित कर रहा है और इसके जरिए वह जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने को लेकर अपनी छटपटाहट दिखा रहा है। विशेषज्ञ यह मानते हैं कि रोजाना न्यूज चैनलों पर गलत नक्शा दिखाए जाने से आम पाकिस्तानी अवाम के दिलो-दिमाग पर भी नकारात्मक प्रभाव हो सकता है। पाकिस्तान यह सब अपने नागरिकों के ब्रेन वॉश के लिए भी कर सकता है जो भारत के लिए चिंता की बात हो सकती है।
www.newsvartaindia.com