कानपुर में कोरोना से हो रही मौतों को आंकड़ेबाजी से कम दिखाने का खेल स्वास्थ्य विभाग हर रोज खेल रहा है। बुधवार को ही कोरोना से रिकार्ड 67 मौतें दर्ज हुुईं। स्वास्थ्य विभाग ने माना कि 24 घंटे के अंदर सिर्फ 11 मौतें हुईं हैं।
लेकिन जारी किए गए ब्योरे में 56 मौतें कब हुईं इसकी जानकारी छुपा ली गई। सिर्फ यही बताया गया कि पोर्टल पर डाटा देरी से अपडेट हुआ है। 56 रोगी कब मरे थे? यह बात अस्पतालों ने भी छिपा ली है। इनकी मौत का दिन ही पता नहीं है।
पोर्टल पर आंकड़ा चढ़ाने के बाद बता दिया गया कि ये 24 घंटे के पहले की मौतें हैं। 24 घंटे के कितने पहले की ? यह बताने के बजाए लोगों को गुमराह किया गया। ये 56 मौतें अब किसी एक दिन में नहीं जुड़ पाएंगी।
जब कभी पांच मई की मौत की बात होगी तो 11 का आंकड़ा ही सामने आएगा और 56 रोगियों की मौत का पता नहीं चलेगा। इसके पहले तीन मई को 57 मौतें हुई थीं। इनमें 51 रोगियों की मौत का दिन पता ही नहीं था।