देश की राजधानी के कापसहेड़ा से अगवा एक नाबालिग लड़की के अपहरण की गुत्थी को सुलझाते हुए दिल्ली पुलिस ने देश भर में चलने वाले ऑनलाइन सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। गिरोह के सदस्य लड़कियों को अगवा करवाकर उनको देहव्यापार के धंधे में धकेल देते थे। लड़कियों को पांच सितारा होटलों से लेकर एस्कॉर्ट सर्विस तक के लिए भेजा जाता था।
इसके लिए गैंग 150 से ज्यादा व्हाट्सएप ग्रुप पर सक्रिय था। व्हाट्सएप से ग्राहकों की पहचान कर उनको भारी रकम लेकर सुविधा मुहैया कराते थे। राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने गैंग की दो महिला समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त उर्विजा गोयल के मुताबिक, आरोपियों की पहचान मजनू का टीला निवासी 35 वर्षीय संजय राजपूत, यूपी के मुरादाबाद निवासी 21 वर्षीय अंशू शर्मा, मुजफ्फरनगर निवासी 24 वर्षीय सपना गोयल और मजनू का टीला निवासी 28 वर्षीय कनिका रॉय के तौर पर हुई है।