नई दिल्ली. भारतीय सराफा बाजार में शुक्रवार को सोने चांदी के दाम (Gold Silver Price) में गिरावट दर्ज की गई. जिसके चलते आज शुरुआती कारोबार में सोने के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आ गए. शुक्रवार को एमसीएक्स (MCX) पर सोना वायदा 0.1% गिरकर 44,904 रुपये प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी वायदा 1% फिसलकर 67,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.
पिछले कारोबारी सत्र में सोने के दाम में 105 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोत्तरी आई थी. वहीं चांदी में 1,000 रुपये प्रति किलो तक की तेजी देखी गई थी. बता दें कि अगस्त 2020 में सोना 56,200 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था.
सोने के आज के भाव (Gold Price):
दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को गोल्ड के भाव 44,904 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए. पिछले कारोबारी सत्र में सोने के दाम 105 रुपये की तेजी आई थी. वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार (International Market) में भी सोने के दाम 9 महीने के निचले स्तर पर हैं. सोना हाजिर आज 0.4% गिरकर 1,730.06 डॉलर प्रति औंस पर आ गया.
चांदी के आज के भाव (Silver Price):
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी वायदा 1% फिसलकर 67,100 प्रति किलोग्राम पर आ गई. जबकि कल गुरुवार को चांदी 1000 रुपये महंगी हुई थी. वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 0.6% गिरकर 25.89 डॉलर और प्लैटिनम 0.7% की गिरावट के साथ 1,198.19 डॉलर पर बंद हुआ