नगर के लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर में रखे सैनिटाइजर के ड्रमों में रिसाव होने से कई कुत्तों की मौत का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने इसे नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही बताई है। वहीं, नगरपालिका सचिव ने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
नगरवासी साकिर, जमालुद्दीन, हाशिम, आकिब और रशीद ने बताया कि ड्रमों से सैनिटाइजर का रिसाव हो रहा था। कुत्ते पानी समझकर पी गए। कुछ देर बाद ही कुत्तों की मौत हो गई। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग कार्यालय में सुपरवाइजर राहुल मौर्य ने बताया कि सैनिटाइजर पीने से काफी कुत्तों की मौत हो गई।
उन्होंने कई बार स्वयं कुत्तों को दफनाया है। इस बारे में नगर पालिका सचिव सुनील रंगा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में अभी आया है। इस मामले में जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।