जयपुर: राजस्थान में कांग्रेस के बीच मची आंतरिक कलह का पटाक्षेप हो चुका है. बीते सोमवार राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी. जिसके बाद वह एक बार फिर कांग्रेस के हाथ से हाथ मिलाते हुए नजर आए. राजस्थान में आज (शुक्रवार) से विधानसभा का विशेष सत्र शुरू हो रहा है यानी एक ओर गहलोत सरकार के एजेंडों में कई बिलों को पास कराना होगा, तो वहीं सियासी संग्राम भी शुरू होने वाला है. दरअसल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का ऐलान किया है.
CM अशोक गहलोत खुद लाएंगे विश्वास प्रस्ताव
1. विधानसभा सत्र के पहले दिन यानी आज बीजेपी ने अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की घोषणा की है. नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने यह बात कही है. कटारिया ने कहा, ‘हम अपने सहयोगी दलों के साथ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव ला रहे हैं.’ बीजेपी द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की खबरों के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘हम खुद विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव लाएंगे.’
2. आज से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र से पहले CM अशोक गहलोत को बड़ी राहत मिली है. बीएसपी से कांग्रेस में शामिल होने वाले 6 विधायक विधानसभा सत्र में भाग ले सकेंगे. राजस्थान मामले में सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल बीएसपी विधायकों के कांग्रेस में विलय के स्पीकर के आदेश पर रोक लगाने से कर दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में फिलहाल हाईकोर्ट सुनवाई कर रहा है और ऐसे में शीर्ष अदालत दखल नहीं देगी.
3.राजस्थान में सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायकों के बागी तेवरों के कारण सियासी संकट पैदा हो गया था. करीब एक माह तक गतिरोध के बाद इसी हफ्ते राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की पायलट के साथ हुई बैठक के बाद संकट टल गया और कांग्रेस खेमे ने राहत की सांस ली.
4.कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद राजस्थान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सचिन पायलट मंगलवार को जयपुर लौटे थे. कांग्रेस नेतृत्व की ओर से उन्हें भरोसा दिया गया है कि उनकी सभी शिकायतों को दूर किया जाएगा.