उत्तर प्रदेश: लखनऊ के सरोजनी नगर थानाक्षेत्र में पूर्वांचल के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के शार्प शूटर राकेश पांडे के एनकाउंटर मामले की जांच एडीजी लखनऊ एसएन साबत को सौंपी गई है। मामले में राकेश पांडे के पिता के आरोपों का संज्ञान लेते हुए मानवाधिकार आयोग ने एससी-एसटी आयोग को पत्र भेजा है। भाजपा विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड के आरोपी राकेश पांडे पर 50 हजार का इनाम था।

मानवाधिकार आयोग के सदस्य जस्टिस केपी सिंह ने अमर उजाला के लखनऊ संस्करण में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए एसपी ऑफिस एसपी को पत्र भेजा है। राकेश पांडे के पिता बालदत्त पांडे ने एसटीएफ पर आरोप लगाया कि फर्जी एनकाउंटर में उनके बेटे की हत्या कर दी गई।
बालदत्त पांडे का आरोप है कि रविवार रात तीन बजे एसटीएफ राकेश को घर से उठा ले गई और सरोजनी नगर में मुठभेड़ दिखाकर मार दिया। राकेश पर कब इनाम घोषित किया गया इसके बारे में भी परिजनों को जानकारी नहीं थी।
जस्टिस केपी सिंह ने एडीजी लखनऊ एसएन साबत को इस मामले की जांच सौंपी है। पत्र में निर्देश दिया गया है कि छह सप्ताह में एडीजी जांच रिपोर्ट मानवाधिकार आयोग को पेश करेंगे। वहीं, एक मजिस्ट्रियल कमेटी द्वारा भी जांच करने की बात कही गई है।