उत्तर प्रदेश: राममंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाले ऐतिहासिक भूमि पूजन को लेकर अयोध्या उत्सव में लीन है। आयोजन को लेकर हर धर्म के लोगों में खुशी का माहौल है।
बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने तो अयोध्या में पीएम मोदी के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां कर रखी हैं। वे पीएम मोदी को रामचरित मानस भेंट करना चाहते हैं।
इकबाल अंसारी ने कहा कि यदि भूमि पूजन के लिए उन्हें निमंत्रण दिया जाता है तो वह जरूर जाएंगे। बतौर प्रधानमंत्री पहली बार अयोध्या आ रहे नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए इकबाल अंसारी ने हिंदू धर्म के पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस और रामनामी पटका खरीदा है। इसे वो 5 अगस्त को पीएम मोदी को भेंट करने की तैयारी में हैं।
इकबाल अंसारी ने कहा कि उनकी चाहत है कि वो पीएम मोदी को खुद रामनामी पटका ओढ़ाएं और हिन्दू पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस भेंट स्वरूप दें। यदि उन्हें ट्रस्ट द्वारा निमंत्रण दिया जाता है तो राममंदिर के भूमि पूजन में शामिल होने का सौभाग्य कतई नहीं गंवाएंगे।