देश: फ्रांस से राफेल विमान को लेकर आने वालों में मैनपुरी का लाल स्क्वाड्रन लीडर दीपक चौहान भी शामिल है। देश को राफेल मिलने की जितनी खुशी देश के प्रत्येक नागरिक को है उससे भी अधिक खुशी मैनपुरी के लोगों को इस बात की है कि मैनपुरी का एक लाल राफेल लेकर अंबाला पहुंचा है।

शहर के मोहल्ला देवपुरा निवासी पूर्व सैनिक दुखहरण सिंह के सबसे छोटे पुत्र स्कवाड्रन लीडर दीपक चौहान एनडीए परीक्षा पास कर वायुसेना में शामिल हुए थे। बुधवार को वे राफेल लेकर फ्रांस से अंबाला पहुंचे तो लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।
अपनी ट्रेनिंग के दौरान दीपक चौहान ने जहां मिग-21 को आकाश में उड़ाया वहीं जगुआर को भी उन्होंने उड़ाकर देश के साथ ही मैनपुरी का नाम रोशन किया।

दीपक चौहान वर्ष 2012 में स्क्वाड्रन लीडर बने। बुधवार को फ्रांस से राफेल अंबाला पहुंचे तो जिले के लोगों को जानकारी मिली कि राफेल लाने वालों में उनका लाल दीपक चौहान भी शामिल है।
दीपक के राफेल लाने से जिले के लोगों में खुशी दौड़ गई। मोहल्ला देवपुरा के लोग खुशी से उछल पड़े। परिवार ने भी टीवी पर बेटे को देखा तो खुशी कई गुना बढ़ गई। लोगों ने परिजनों को बधाई दी।