उत्तराखण्ड:नारी निकेतन से 24 जुलाई को गायब हुई नाबालिग को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने दून रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया है। पूछताछ में उसने आरोप लगाया कि एक युवक ने उसके साथ हर्रावाला रेलवे स्टेशन के पास दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता को नारी निकेतन के हवाले कर अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बता दें कि 24 जुलाई की सुबह केदारपुरम स्थित नारी निकेतन से एक नाबालिग बिना बताए गायब हो गई थी। नारी निकेतन की अधीक्षक बीना डबराल की सूचना पर पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की। एसओ नेहरू कॉलोनी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि सार्वजनिक स्थानों पर नाबालिग के फोटो चस्पा किए गए।
साथ ही निकेतन के मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला गया। उसमें नाबालिग स्टेशन की और जाती दिखाई दी। स्टेशन के आसपास तलाशी अभियान चलाया। रविवार को गुमशुदा को स्टेशन से सकुशल बरामद किया। एसओ ने बताया कि पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से निकेतन से भागी थी। वह अपने माता-पिता के पास दिल्ली वापस जाना चाहती थी।
लेकिन पैसे न होने के कारण आसपास छुपी रही। 24 तारीख को ही वह पैदल हर्रावाला स्टेशन तक पहुंची थी। जहां एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और भाग गया। उसके बाद वह वापस दून स्टेशन आई। पुलिस ने नाबालिग को नारी निकेतन के हवाले कर दिया है। नाबालिग के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।