नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. भूकंप कम तीव्रता का था. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.7 मापी गई है. भूकंप का केंद्र दिल्ली ही बताया जा रहा है. भूकंप महसूस किए जाने के बाद लोग एहतियातन अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. फिलहाल किसी भी जगह से जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. बीते रविवार शाम करीब 6 बजे भी दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. लोग घरों से बाहर निकल आए थे. जो लोग बाहर नहीं निकले, वह अपनी बालकनी में आ गए. बीती शाम आए भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई थी.
बीती शाम आए भूकंप का केंद्र भी दिल्ली ही था. बताया गया कि भूकंप का केंद्र जमीन से मात्र 8 किलोमीटर नीचे था. IMD के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली इस भूकंप का केंद्र था. पूर्वी दिल्ली में रहने वाले लोगों ने बताया कि भूकंप के झटके काफी तेज थे. दरअसल यहां लोगों के घर कई मंजिल के हैं, ऐसे में झटके आसानी से महसूस हो जाते हैं. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा, ‘उम्मीद है कि सभी सुरक्षित होंगे. हम सबकी सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हैं.’
भूकंप के झटकों को लेकर दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने मजाकिया अंदाज में ट्वीट में किया था. उन्होंने लिखा, ‘कोरोना कम था जो भूकम्प भी मचा दिया….क्या मन में है देवा?’