दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के लिए अब आखिरी के कुछ घंटे बचे हैं. दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान में शाम छह बजे तक 54.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. कुछ केंद्रों पर अभी भी मतदान जारी है, जोकि थोड़ी देर में रोक दिया जाएगा. दिल्ली में मुकाबला मुख्य रूप से सत्ताधारी आम आदमी पार्टी भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है. सभी पार्टियों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी. मतदान खत्म होने के साथ ही नतीजों की झलक एग्जिट पोल में देखने को मिलेगी. विभिन्न मीडिया हाउसेज द्वारा अलग-अलग एग्जिट पोल जारी किए जाएंगे. आप सभी एग्जिट पोल्स को एक साथ एनडीटीवी के ‘पोल ऑफ एग्जिट पोल’ में देख सकते हैं.
साल 2015 में जबरदस्त जीत हासिल करने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री बने अरविंद केजरीवाल एक और कार्यकाल हासिल करने की कोशिश में हैं. आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी ने 2015 के विधानसभा चुनाव में कुल 70 में 67 सीटों पर जीत हासिल की थी, और शेष तीन सीटें BJP के खाते में गई थीं. उस समय दिल्ली इलेक्शन में कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई थी, जबकि वर्ष 1998 से 2013 तक कांग्रेस लगातार 15 साल दिल्ली की सत्ता में रह चुकी थी.
साल 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 54.3 प्रतिशत वोट मिले थे. प्रतिशत वोट पाकर दूसरे स्थान पर रही थी और कांग्रेस को सिर्फ 9.7 प्रतिशत वोट मिल पाए थे. इससे सिर्फ दो साल पहले, साल 2013 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 28 सीटें जीतकर आठ सीटें जीतने वाली कांग्रेस के ‘बिना शर्त समर्थन’ से सरकार बनाई थी, लेकिन वह ज़्यादा समय तक नहीं चल पाई थी. वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में BJP को 32 सीटों पर जीत मिली थी, और वह बहुमत के आंकड़े से चार सीट कम रह गई थी.