नई दिल्ली: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस वहीदा रहमानको मध्य प्रदेश की संस्कृति मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ 4 फरवरी को ‘किशोर कुमार सम्मान-2018 से सम्मानित किया करेंगी. सिंगर किशोर कुमार के नाम पर दिया जाने वाला यह पुरस्कार मध्य प्रदेश सरकार द्वारा दिया जाता है. मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि निर्णायक मंडल द्वारा वहीदा रहमान को यह सम्मान देने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है. वहीदा रहमान को यह सम्मान पिछले साल 13 अक्टूबर को खंडवा में किशोर कुमार की 32वीं पुण्यतिथि पर हुए कार्यक्रम में दिया जाना था, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वह उस दिन इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकी थीं.
संस्कृति मंत्री साधौ मुम्बई में 4 फरवरी की साढ़े तीन बजे वहीदा को उनके मुंबई के बांद्रा (पश्चिम) स्थित आवास पर जाकर सम्मान स्वरूप दो लाख रुपये, शाल-श्रीफल और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान करेंगी.एक्ट्रेस वहीदा रहमान अपने समय की जानी-मानीं हस्तियों में से एक हैं, खुद बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी उनके बहुत बड़े फैन है. अमिताभ बच्चन ने इस बात का खुलासा एक टीवी रियलिटी शो पर किया और बताया कि वो वहीदा रहमान के कितने बड़े फैन हैं. अमिताभ बच्चन ने कहा, “फिल्म ‘रेशमा और शेरा’ में मुझे पहली बार उनके साथ काम करने का मौका मिला. शूटिंग के दौरान, एक दृश्य था जहां सुनील दत्त और वहीदा जी को नंगे पैर रेगिस्तान में बैठना था, जहां उच्च तापमान की वजह से जूतों के साथ बालू में खड़ा रहना असंभव था.
अमिताभ बच्चन ने बताया “इस बात को लेकर वो चिंतित थे कि वहीदा जी ऐसी परिस्थितियों में किस तरह से शूटिंग कर पाएंगी और वो भी जूतों के बिना. इसलिए जैसे ही निर्देशक ने ब्रेक का ऐलान किया, बिना समय गवाए मैंने वहीदा जी की जूती को उठाया और उनकी तरफ भागा. मैं यह भी नहीं बयां कर सकता कि मेरे लिए वह पल कितना स्पेशल था.”