देहरादून (विशेष संवाददाता):अनामिका मिश्रा
राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्रधारा मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला।
अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समाई कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सहस्रधारा की ओर जा रही थी कि तभी मोड़ पर चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। कार सीधे सड़क किनारे खाई में गिरती चली गई। हादसे के दौरान हुई तेज आवाज को सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस व SDRF को घटना की सूचना दी।
SDRF का साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पोस्ट सहस्रधारा से SDRF की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। खाई अत्यधिक गहरी और ढलानदार होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। जवानों ने बिना समय गंवाए रोप (रस्सी) के सहारे खाई में उतरकर कार में फंसे लोगों तक पहुंच बनाई।
घायलों को खाई के अंदर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद स्ट्रैचर पर बांधकर सुरक्षित ऊपर सड़क तक लाया गया।
घायल अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस
SDRF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी तीनों घायलों को 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से नजदीकी दून अस्पताल में भर्ती करा दिया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस प्रशासन ने घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी तकनीकी खराबी से, इसकी जांच की जा रही है।