उत्तराखंड में निवेश के महाकुंभ का आगाज हो गया है। देहरादून के एफआरआई में दो दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभारंभ किया। सम्मेलन में देश-दुनिया के 5000 से अधिक निवेशक और प्रतिनिधि शामिल हुए हैं, जिन्हें संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कई बड़ी बातें कहीं। उत्तराखंड की खूबियां बताते हुए पीएम मोदी ने निवेशकों को राज्य में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ प्रधानमंत्री ने मंच से अगले आम चुनाव को लेकर भी इशारा कर दिया।
संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने कहीं बड़ी बातें...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक निवेशक सम्मेलन के मंच से कहा कि जिसमें दम हो, मैदान में आ जाएं, फायदा उठा लें। मैं गारंटी देता हूं कि जो बातें हम बताते हैं उन्हें पूरा कराने के लिए हम खड़े भी रहते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे जीवन के एक पहलू को बनाने में इस धरती का बड़ा योगदान है।अगर उसे कुछ लौटाने का अवसर मिलता है तो उसका आनंद भी कुछ और होता है। आइये इस पवित्र धरती में चल पड़िए। आपके काम में कभी कोई बाधा नहीं आएगी। हमारा देश नई ऊर्जा के साथ खड़ा हो सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शिखर सम्मेलन के मंच से बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मैं देशवासियों को भरोसा दिलाता हूं कि मेरे तीसरे कार्यकाल में हमारा देश, दुनिया के टॉप 3 इकॉनमी में आकर रहेगा। पीएम मोदी ने अगले आम चुनाव को लेकर भी इशारा किया है।