उत्तराखंड विधानसभ सत्र का आज तीसरा दिन है। भर्ती परीक्षा में भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर विधानसभा के बाहर कांग्रेस के विधायकों का प्रदर्शन जारी है। विपक्ष के सत्र में नहीं पहुंचने के चलते कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी, लेकिन अब शुरू कर दी गई है। भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच की मांग की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है।
निलंबन की कार्यवाही पर तकरार
सदन में विपक्ष ने निलबंन को लेकर व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया, जिसे कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने नियम विरुद्ध बताया। वहीं मुन्ना सिंह चौहान और संसदीय कार्य मंत्री ने सपीकर से निलबंन की कार्यवाही को निरस्त करने का आग्रह किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नियम के तहत मेरा निर्णय सही है।
आज पेश होगा बजट
आज उत्तराखंड का बजट भी पेश होगा। सीएम धामी भराड़ीसैंण पहुंच चुके हैं। बजट पेश होने से पहले सीएम ने कहा कि -बजट सबको प्रोत्साहित करने वाला है। हर वर्ग का इसमें ध्यान रखा गया है। सीएम ने कहा कि -बजट में रोजगार पर फोकस किया गया है। इसके अलावा निवेश और पर्यटन पर ध्यान दिया गया है। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल दोपहर दो बजे बजट पेश करेंगे। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 79 हजार करोड़ रुपये के बजट का अनुमान है। प्रदेश मंत्रिमंडल बजट प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे चुका है।
इससे पहले उत्तराखंड बजट सत्र के दूसरे दिन विधायी कार्य के साथ राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हुई। वहीं, कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के तेवर तल्ख नजर आए। सबसे पहले विपक्ष ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाया और भर्ती घोटाला और गन्ना मूल्य बढ़ाए जाने की मांग को लेकर सदन में खूब हंगामा किया।