पटियाला के नाभा में 16 फरवरी को गैस एजेंसी के दफ्तर में करीब दो लाख रुपये की लूट के मामले को पुलिस ने हल करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक यह पांचों आरोपी एक लुटेरा गिरोह के सदस्य हैं, जो अब तक पटियाला व संगरूर जिलों में 10 के करीब लूटपाट व स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक नाभा गैस एजेंसी के बाद अब इस शातिर गिरोह के निशाने पर संगरूर जिले के धुरी व भवानीगढ़ इलाके की गैस एजेंसी थी। गिरोह ने इनकी रेकी भी की थी। इससे पहले ही आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में परविंदर सिंह उर्फ रवि, मनप्रीत सिंह उर्फ लवी उर्फ मन्ना, सुरिंदर सिंह उर्फ सोनी, मनदीप सिंह उर्फ विक्की और अमनदीप सिंह उर्फ गोलू सभी निवासी संगरूर शामिल हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने एक राइफल समेत पांच कारतूस, एक गंडासी, दो लोहे की रॉड, एक किरच, दो लाख की नकदी और वारदातों में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।