उत्तराखंड में टिहरी पुलिस ने एक नाइजीरियन पर्यटक को लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पर्यटक ने अपनी गिरोह की सदस्य नागालैंड निवासी एक महिला के साथ घनसाली निवासी एक व्यक्ति से 27 लाख रुपये की ठगी की है। उसने खुद को आरबीआई का अधिकारी बताकर ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए करीब 1 करोड़ 12 लाख पचास हजार की आर्थिक सहायता का लालच देकर पीड़ित को अपने झांसे में लिया था।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि लाखों रुपये की ठगी को लेकर घनसाली थाना पुलिस में 10 नवंबर 2021 को एनजीओ संचालक लक्ष्मी प्रसाद सेमवाल ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया गया था कि अज्ञात व्यक्तियों की ओर से अलग-अलग नंबरों से फोन कर स्वयं को आरबीआई का अधिकारी बताकर उनकी यूनाइटेड नेशन ऑफ डेवलपमेंट संस्था को ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए (1.5 लाख डॉलर) करीब 1 करोड़ 12 लाख पचास हजार रुपये की मदद देना चाहते हैं। कहा था कि इस धनराशि का टैक्स जमा करने के लिए 27 लाख 28 हजार 500 रुपये जमा कराने होंगे। उनके झांसे में आकर एनजीओ संचालक ने 26 से 30 अक्तूबर 2021 तक उनके खाते में धनराशि हस्तांतरित कर दी।