मेरठ और बिजनौर को जोड़ने वाले भीमकुंड घाट पर करोड़ों रुपये से बनाया गया गंगा का पुल इस समय खतरे में है। वहीं कटान के कारण पुल से लगा बिजनौर साइड की सड़क का हिस्सा गंगा में बह गया है। गंगा में सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने से अफसरों की नींद भी टूट गई है। अब शासन-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मचा है। पिछले तीन दिनों से अमर उजाला ने लगातार खबर प्रकाशित की लेकिन, कोई भी अधिकारी समय से नहीं पहुंच पाया।
भीमकुंड गंगा पुल पर चांदपुर की ओर पिछले तीन दिनों से भीषण कटान चल रहा था, जिसकी खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की। लेकिन किसी भी अधिकारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। जिसका नतीजा यह रहा कि सड़क का बड़ा हिस्सा गंगा में बह गया है। अब पुल पूरी तरह बाधित हो गया है।
इसके अलावा राज्य सेतु निगम का बोर्ड भी गंगा में गिर गया है। यह सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग और उप जिला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। वहीं भीमकुंड पुल का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है!