रेलवे स्टेशन पर पीएसी 40वीं वाहिनी की बैंड टीम ने देशभक्ति और धार्मिक गीतों धुनों से शिव भक्तों का भव्य स्वागत किया। कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा कर अभिनंदन करने के बाद शनिवार को पुलिसकर्मी भी कांवड़ियों की सेवा में जुटे नजर आए। पीएसी 40वीं वाहिनी की बैंड टीम की धुन से स्टेशन परिसर गूंज उठा। पीएसी के जवानों ने बैंड बजाया तो धर्मनगरी में अनोखा ही नजारा दिखने लगा।
राष्ट्र प्रेम से ओतप्रोत धुनों की प्रस्तुति दी गई। वहीं भगवान शिव के भजन भी प्रस्तुत किए गए। श्रद्धालुओं ने पीएसी के जवानों के मधुर प्रदर्शन पर ताली बजाकर उत्साहवर्धन किया। एसपी रेलवे ददनपाल सिंह ने कहा कि शिव की भक्ति में हर कोई लीन है। हर तरफ माहौल शिवमय बना हुआ है। शिवभक्तों की सेवा कर पुण्य कमाने का अवसर सभी को मिल रहा है। इस दौरान एएसपी रेलवे अरुणा भारती, एसओ जीआरपी अनुज सिंह आदि मौजूद रहे।