आज सावन माह का पहला सोमवार है और तड़के से ही मुख्य मंदिरों और शिवालयों में भक्तों की भीड़ जुट रही है। केदारनाथ से लेकर हर की पैड़ी तक भक्त भोलेनाथ के भक्ति में डूबे हैं। मंदिरों के बाहर लंबी लाइनें लगी हुईं हैं। शिवालयों में भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में तड़के से भक्तों की लंबी लाइन लग गई।
केदारनाथ धाम में सुबह 5 बजे से ही मंदिर में बाबा के दर्शनों और जलाभिषेक के लिए कांवड़ को पहुंच लगे थे। बरसात के चलते धाम में रौनक कुछ कम हो गई थी, लेकिन कांवड़ियों के पहुंचते ही रौनक एक बार फिर लौट आई। अन्य शिवालयों में भी भक्त भगवान की पूजा के लिए पहुंच रहे हैं।
भगवान शिव का प्रिय सावन महीना बीते बृहस्पतिवार से शुरू हो गया है। ऐसे में माह का पहला सोमवार आज है। मान्यता है कि इस महीने जो व्यक्ति भगवान शिव की पूजा व सोमवार व्रत रखता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उधर हर की पैड़ी में सुबह से भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है। वहीं नीलकंठ धाम में जलाभिषेक के लिए रविवार रात से ही शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।