संपादक: अनामिका मिश्रा
अयोध्या में बेगमपुरा स्थित मनीराम और बसंती के घर में आज उत्सव जैसा माहौल था। पूरे घर को फूल-मालाओं से सजाया गया था। एक कमरे में जमीन पर ही भोजन करने के लिए आसन लगा था। पूरा परिवार भी सुबह से ही अतिथि के इंतजार में था। बसंती और मनीराम के घर आज खुद सीएम योगी मंत्रियों संग दोपहर का भोजन करने आने वाले थे। बसंती की बेटी ने मुख्यमंत्री के लिए दाल, चावल, रोटी, लौकी व तोरई की सब्जी और रायता-खीर बनायी था।
मुख्यमंत्री शुक्रवार की दोपहर जैसे ही बसंती के घर पहुंचे परिजनों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। घर के एक कमरे में जमीन पर बैठकर मुख्यमंत्री ने मंत्रियों संग दोपहर का भोजन किया। मुख्यमंत्री ने बसंती व उनके पति मनीराम को भी अपने साथ भोजन करने बिठाया। सीएम को भोजन में लौकी व तोरई की सब्जी, दाल, चावल, रोटी के साथ रायता व देशी गाय के दूध से बनी खीर भी परोसी गई। मुख्यमंत्री ने बड़े ही चाव से भोजन किया और कहा कि खाना बहुत स्वादिष्ट बना है। मुख्यमंत्री ने पूछा कि खाना किसने बनाया है तो बसंती ने अपनी बेटी को आगे करते हुए कहा कि महाराज जी मेरी बेटी शीलम ने भोजन बनाया है। उन्होंने शीलम को शाबाशी दी।