अयोध्या में थाना कैंट अंतर्गत अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग पर स्थित मुमताज नगर ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह एक वाहन को ओवरटेक करते समय यात्रियों से भरी डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 16 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से एक को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायलों में छह लोगों को मामूली चोट के चलते प्राथमिक इलाज के बाद जाने दिया गया। शेष नौ का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर डीएम, एसएसपी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बस दिल्ली से सिद्धार्थनगर जा रही थी। वहीं, हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया, उन्होंने मृतकों के परिवारीजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता करने का एलान किया।