Team CM PSD इस बार नए कलेवर में दिख सकती है। पुष्कर सरकार-1.O के दरबारियों और आला अफसरों में से अभी तक किसी की भी आधिकारिक वापसी 2.O सरकार में नहीं हो पाई है। मुख्यमंत्री आवास में अब नाहक और फालतू में तफ़रीह भरे अंदाज में आने वालों की भीड़ अचानक ही छंट गई है। सिर्फ जरूरी लोग और बेहद अहम काम के मुताल्लिक आने वालों को ही पुष्कर मिलने का वक्त यहाँ दे रहे। पुरानी टीम के सिर्फ 3-4 भरोसेमंद ही उनके साथ नजर आ रहे।
माना जा रहा है कि पहली पारी की सरकार में पुष्कर ने जिन लोगों को अपने साथ अलग-अलग भूमिका में जोड़ा था, उनके प्रदर्शन और कामकाज की समीक्षा की जा रही है। इनमें कुछ BJP और संघ की पृष्ठ भूमि से जुड़े लोग थे तो IAS-IPS भी हैं। पिछली सरकार में जो लोग CM दरबार में थे, उनका कार्यकाल पिछली सरकार के साथ ही खत्म हो चुका है। वे अब तभी फिर पिछली भूमिका में लौट पाएंगे, जब उनके आदेश फिर से जारी होंगे। ये साफ नहीं हो पा रहा है कि पिछली टीम से मुख्यमंत्री किस किस को अपने साथ फिर रखेंगे।