उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने गुरुवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। जिसमें 59 प्रत्याशियों के नामों का एलान किया है। वहीं इस बार करीब 10 नेताओंं के टिकट कटे हैं। उनमें से कुछ ने बगावत कर दी है।
पार्टी पर दगाबाजी का आरोप
कर्णप्रयाग विधानसभा से टिकट न मिलने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता टीका प्रसाद मैखुरी ने पार्टी के विरोध में चुनाव लड़ने का एलान किया है। टिकटों के एलान के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बगावत कर दी है। उन्होंने पार्टी पर दगाबाजी का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा है कि मेरे साथ पार्टी ने लगातार धोखा और अन्याय किया है। जिसका प्रतिशोध जनता और मेरे मन में है। मैंने हमेशा पार्टी को अपनी मां के समान समझकर काम किया है। कभी पार्टी से दगाबाजी नहीं की है, लेकिन जिन लोगों ने पार्टी के साथ दगाबाजी की और पार्टी का विरोध किया, उन्हें पार्टी ने आगे किया।