प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद उत्तराखंड के चुनावी मैदान में अपनी जीत की संभावनाएं बढ़ाने के लिए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के नेता भी आने वाले हैं। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी महीने दोनों पार्टियों के नेता उत्तराखंड आएंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने की चुनावी माहौल बनाने की शुरुआत
चार दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में रैली कर चुनावी माहौल बनाने की शुरुआत कर दी। अब कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 16 दिसंबर को परेड ग्राउंड में रैली करने जा रहे हैं। इस बीच, समाजवादी पार्टी ने भी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी के अध्यक्ष डॉ. एसएन सचान ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष इसी महीने पहले देहरादून में रैली करेंगे। इस दौरान वह उत्तराखंड प्रदेश से जुड़ी कई अहम घोषणाएं भी करेंगे। इसके बाद वह कुमाऊं में रैली करेंगे। जल्द ही रैली की तिथियां जारी कर दी जाएंगी।
दूसरी ओर, बसपा सुप्रीमो मायावती के भी उत्तराखंड दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पार्टी के पश्चिमी यूपी-उत्तराखंड प्रभारी शम्सुद्दीन राइन ने बताया कि दस दिन के भीतर बसपा सुप्रीमो के उत्तराखंड दौरे की तिथियां तय हो जाएंगी।