भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत ने रविवार को किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी देने वाला कानून लाने की मांग की। टिकैत ने यह मांग मुंबई के आजाद मैदान में संयुक्त शेतकारी कामगार मोर्चा (एसएसकेएम) के बैनर तले आयोजित किसान महापंचायत में उठाई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब एमएसपी का समर्थन किया करते थे और किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रव्यापी कानून चाहते थे। इसके साथ ही राकेश टिकैत ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि अब वह किसानों के लिए महत्वपूर्ण इस मुद्दे पर चर्चा करने से भाग रही है।
आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के परिजनों को मिले आर्थिक मदद
टिकैत ने कहा, केंद्र को किसानों को एमएसपी की गारंटी देने के लिए एक कानून लाना चाहिए। कृषि और श्रमिक क्षेत्र के ऐसे कई मुद्दे हैं जिन पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है और हम इन मुद्दों को उठाने के लिए पूरे देश में यात्रा करेंगे। उन्होंने किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के परिजनों को आर्थिक मदद देने की मांग भी उठाई।