कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन जारी है. वहीं, दूसरी ओर देश में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ते जा रहे हैं. हालांकि इस बात से नकारा नहीं जा सकता कि किसानों पर भी कोरोना का खतरा बरकरार है.
किसान नेता राकेश टिकैत ने मांग की कि आंदोलन स्थल पर किसानों का टीकाकरण किया जाए. आंदोलन स्थल पर कोरोना के खतरे के सवाल पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं तो उनकी गाइडलाइंस को फॉलो किया जाए, आंदोलन स्थलों पर जो लोग बैठे हैं, उनको भी वैक्सीन लगाई जाए. आंदोलन स्थलों पर हम सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं. धरना स्थल पर आने जाने वाले किसानों को वैक्सीन लगाई जाए, मैं भी टीका लगवाऊंगा.
बढ़ते कोरोना के मामले पर टिकैत ने जेलों में कैदियों का जिक्र करते हुए कहा कि जेल में मौजूद कैदियों के परिजनों के सन्देश आ रहे हैं कि हमारा भी मुद्दा उठाया जाए. जेल में बहुत भीड़ है, कोरोना की गाइडलाइंस का पालन होना चाहिए. कैदी एक दूसरे से टच होकर सोता है, इतनी भीड़ हो चुकी है. जेलों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होना चाहिए. टिकैत ने कहा कि कोरोना के कारण आंदोलन खत्म नहीं होने देंगे, टेंटों को और बड़ा बना लेंगे. आंदोलन लंबा चलेगा.