मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दिल्ली पहुंचकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास में शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने शुक्रवार रात काे नड्डा से मुलाकात की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सलाहकार अनिल बलूनी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री नई दिल्ली में बलूनी के आवास पर पहुंचे। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री का बलूनी ने स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि तीरथ के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास अभियान में निरंतर उनके साथ हैं। हम उत्तराखंड को विकसित, संपन्न और समृद्ध राज्य बनाने के लिए कृत संकल्प हैं। मुख्यमंत्री के साथ उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय और पूर्व सांसद बलराज पासी भी थे।
जो जनता चाहेगी, सरकार वही करेगी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि उनके लिए विकास सर्वोपरि है। जो जनता चाहेगी, सरकार वही करेगी। वह दिल्ली में प्रवासी उत्तराखंडियों को संबोधित कर रहे थे। शुक्रवार को दिल्ली पहुंचने पर उत्तराखंड सदन में उनका गर्मजोशी से स्वागत हुआ।
मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे तीरथ सिंह रावत का स्वागत करने बड़ी संख्या में उत्तराखंड मूल के लोग उत्तराखंड सदन पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जनभवनाओं के अनुरूप कार्य करेगी।
जनता जो चाहेगी वही किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देश में उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास किया जाएगा। उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री के अपार लगाव की बदौलत ही यहां चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट, केदारनाथ-बदरीनाथ धाम पुनर्निर्माण समेत तमाम परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। उत्तराखंड विकास के नए आयाम छू रहा है।