गडकरी ने उद्योग जगत से आह्वान किया कि उद्योगों द्वारा यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक निवारक उपाय किए जाएं। उन्होंने पीपीई (मास्क, सैनिटाइजर आदि) के उपयोग पर जोर दिया और व्यावसायिक परिचालनों के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों को बनाए रखने की सलाह दी।
केंद्रीय मंत्री ने उल्लेख किया कि विदेशी आयातों को घरेलू उत्पादन के साथ बदलने के लिए निर्यात वृद्धि के साथ-साथ आयात प्रतिस्थापन पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि इस उद्योग को अपने ज्ञान को संपत्ति में बदलने के लिए नवाचार, उद्यमिता, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, अनुसंधान कौशल और अनुभवों पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
मंत्री महोदय ने याद किया कि जापान सरकार ने चीन से जापानी निवेशों को बाहर निकालने और अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए अपने उद्योगों को विशेष पैकेज देने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए ये एक ऐसा अवसर है जिसे उसे जाने नहीं देना चाहिए।
उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि दिल्ली-मुंबई हरित एक्सप्रेस हाईवे के नए संरेखण पर काम शुरू हो चुका है और ये इस उद्योग के लिए एक ऐसा अवसर जिसमें वो अत्याधुनिक तकनीक से युक्त औद्योगिक क्लस्टरों और लॉजिस्टिक पार्कों में भविष्य का निवेश करे। उन्होंने राय रखी कि मेट्रो शहरों के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी औद्योगिक क्लस्टरों के क्षितिज का विस्तार देने की जरूरत है और उन्होंने उद्योगों से आग्रह किया कि वे इसमें भागीदारी दिखाएं।