लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सरधना से BJP विधायक संगीत सोम पर मुजफ्फरनगर दंगे से जुड़ा एक केस खत्म हो गया है. उनपर आरोप था कि उन्होंने फेसबुक पर एक विदेशी वीडियो फॉरवर्ड किया था, जिसे मुजफ्फरनगर दंगों में हिंदुओं पर मुसलमानों का अत्याचार बताया गया था. यूपी में बीजेपी सरकार बनने के बाद पुलिस ने अदालत से यह कहकर केस बंद करने की इजाजत मांगी थी कि उसे संगीत सोम के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है. अब कोर्ट ने केस खत्म कर दिया है.
संगीत सोम द्वारा फेसबुक पर शेयर किए गए कथित वीडियो को 200 और लोगों ने लाइक या शेयर किया था. सोम के खिलाफ आईपीसी की धारा 351 A (सांप्रदायिक नफरत फैलाने), 420 (धोखाधड़ी), 120 B (साजिश रचने) और IT एक्ट की धारा 66 (डिजिटल मीडिया के जरिए दुष्प्रचार) के तहत केस दर्ज किया गया था. इस केस की जांच का जिम्मा IPS अफसर स्वप्निल ममगई, क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर ब्रिजेंद्र सिंह, सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र सागर और बरेली इंवेस्टिगेशन यूनिट के इंस्पेक्टर अवध बिहारी को सौंपा गया था.