उत्तराखंड के चमोली जिले में आपदा के बाद हरिद्वार और ऋषिकेश में भी पुलिस प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों से अपील की जा रही है कि नदी किनारे ना जाएं। वहीं, प्रशासन टीम ने गंगा किनारे बसी आबादी को वहां से हटाना शुरू कर दिया है।
हरिद्वार एसएसपी ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अपील है सुरक्षा की दृष्टि से जल्द से जल्द स्वयं व परिवार के साथ सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और साथ ही आसपास के लोगों को भी सचेत करें।

अपर जिलाधिकारी हरिद्वार केके मिश्रा का कहना है कि जनपद के सभी एसडीएम और नगर निगम के आयुक्त को अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वह गंगा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को घटना की सूचना दें। उनका कहना है कि शासन स्तर से जैसे ही आगे कोई सूचना मिलेगी उस पर कार्रवाई शुरू की जाएगी।