कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में अब जम्मू के सिख संगठनों के साथ अन्य समुदायों के लोग भी कूद पड़े हैं। गांधी नगर के गोल मार्केट स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर वीरवार को जम्मू के विभिन्न संगठनों के लोगों ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक किसानों के लिए बनाए गए कानून वापस नहीं लिया जाता, संघर्ष जारी रखेंगे। इस दौरान पूर्व सांसद अब्दुल शैख रहमान ने कहा कि किसानों का शोषण आजादी के बाद भी लगातार होता रहा है। आखिर कब तक देश का अन्नदाता जुल्म सहता रहेगा।
आजादी से पहले भी उनके साथ बहुत गलत होता था और बाद में भी, लेकिन अब किसान जाग उठा है और अपने हक के लिए सड़कों पर उतरा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि किसानों को बदनाम करने के लिए पाकिस्तानी और खालिस्तानी कहा जा रहा है, इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
सिख नेता नरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि किसान विरोधी कानूनों का विरोध पूरे देश में किया जाएगा। साथ ही सभी लोगों द्वारा किसानों का समर्थन करने के लिए सड़कों पर हर समुदाय का व्यक्ति आएगा।