दिल्ली,:पूरे देश में कोरोना वायरस का खतरा हर दिन बढ़ता जा रहा है। इस वायरस ने लाखों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। इनमें देश की बड़ी हस्तियों से लेकर फिल्मी सितारे भी शामिल हैं। वहीं कुछ फिल्मी सितारे लोगों को सोशल मीडिया के जरिए कोरोना वायरस से बचने और अपना ख्याल रखने की सलाह भी देते रहते हैं। ऐसा ही कुछ बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र भी करते हुए नजर आए हैं।

बॉलीवुड में लंबे समय तक अपने अभिनय से लाखों दिलों की जीतने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र फिलहाल फिल्मों से दूर हैं, लेकिन वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाले कलाकारों में से एक हैं। वह फैंस से जुड़े रहने के लिए अक्सर तस्वीरें और वीडियो साझा करते रहते हैं। धर्मेंद्र ने अपनी फिटनेस का एक वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है।
वीडियो में 84 साल के धर्मेंद्र एक्सरसाइज करते हुए नजर आ रहे हैं। धर्मेंद्र अपना ज्यादातर समय अपने फार्महाउस पर बिताते हैं। यहां रहकर वह खेती करके फल-सब्जियां भी उगाते रहते हैं। इस बारे में वह खुद सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते रहते है। वीडियो में धर्मेंद्र सबसे पहले अपने फार्महाउस की खूबसूरती दिखाते हैं। उसके बाद वह खुद एक्सरसाइज करते हुए नजर आ रहे हैं।

इस दौरान धर्मेंद्र वीडियो में कहते हैं, ‘हेल्लो दोस्तों मेरे फार्महाउस को देखो। जोकि भीड़ से दूर बहुत खूबसूरत है। और मेरे स्टेशनरी बाइक पर मेरी रोजाना एक्सरसाइज। पता है आपको मैं इसको क्यों करता हूं ? क्योंकि मुझे कोरोना को हम सभी से दूर भगाना है।’ इसके बाद धर्मेंद्र वीडियो में कहते हैं, ‘मैं बस मजाक कर रहा हूं। मैं आप सभी के सवालों को जवाब नहीं देता पाता, लेकिन मैं आपके प्यार का अभारी हूं। आप सभी खुश रहें।’