टीवी और फिल्मों की निर्माता एकता कपूर ने अपने चर्चित टीवी शो ‘नागिन’ के पांचवें सीजन के लिए नाग पंचमी के इस पवित्र मौके पर नाग की तलाश पूरी कर ली है। टीवी धारावाहिकों ‘ससुराल सिमर का’ और ‘कुंडली भाग्य’ में अपने अभिनय का जौहर दिखा चुके अभिनेता धीरज धूपर एकता के इस शो में एक इच्छाधारी नाग की भूमिका निभाएंगे।

धीरज ने खुद एक इंटरव्यू में बताया है कि वह इस शो का हिस्सा बनेंगे और उनके लिए यह एकदम नया अनुभव होगा। इस शो का हिस्सा बनकर अपना उत्साह जाहिर करते हुए धीरज ने कहा, ‘यह शो एक ब्रांड बन चुका है इसलिए इस शो का ऑफर मिलते ही मैंने हां कहने में बिल्कुल देर नहीं लगाई। मैं इस शो में नागिन का किरदार निभाने वाली सभी खूबसूरत अभिनेत्रियों का प्रशंसक हूं और इसमें जो चीज मुझे सबसे ज्यादा पसंद आती है, वह है इस शो में होने वाला नृत्य।’

उन्होंने कहा, ‘इस शो में स्पेशल इफेक्ट्स और वीएफएक्स का बहुत काम होता है इसलिए अभिनय भी मुझे कुछ चीजों के साथ करना होगा। मुझे नहीं पता कि मेरे अलावा इस शो का और कौन हिस्सा होगा। मुझे तो यह भी नहीं पता कि मुझे मेरे किरदार में किन चुनौतियों का सामना करना होगा? यह सब अभी निर्माताओं के हाथ में है। मैं तो बस शूटिंग शुरू होने का इंतजार कर रहा हूं।
बता दें कि लॉकडाउन के दौरान ही एकता कपूर ने चौथे सीजन को खत्म करने के बाद अपने एक शो के पांचवें सीजन की घोषणा कर दी थी। अगर देश में कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन नहीं हुआ होता तो अब तक इस शो का चौथा सीजन खत्म भी हो चुका होता है। खबरों के मुताबिक अब इस शो के बचे हुए एपिसोड अगस्त के महीने में निपट जाएंगे। फिर जल्द ही पांचवें सीजन के साथ उसकी वापसी होगी।