मंगलवार को हुए पहलगाम हादसे में कानपुर के शुभम द्विवेदी की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आज रात करीब साढ़े 11 बजे उनका शव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। इस मौके पर पुलिस के साथ शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शव के पहुंचने के बाद यहां भारी मात्रा में भीड़ जमा हुई थी। पार्थिव शरीर को लखनऊ से सड़क मार्ग से कानपुर ले जाया गया। कल कानपुर में शव का अंतिम संस्कार होगा। इस मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक एयरपोर्ट पहुंचे। वहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। शुभम के साथ नेपाल के युवक सुदीप न्यूपाने का शव भी एयरपोर्ट पहुंचा। लखनऊ एयरपोर्ट से उतरने के बाद उसे सड़क मार्ग से नेपाल पहुंचाया जाएगा।
शुभम द्विवेदी की अंतिम यात्रा में शामिल होंगे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी की अंतिम यात्रा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे लखनऊ से कानपुर के लिए रवाना होंगे। वह महराजपुर के हाथीगांव स्थित शुभम द्विवेदी के आवास जाएंगे। परिजनों को ढांढस देने के बाद अंतिम यात्रा में शामिल होंगे। वहां से लौटकर दोपहर बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं से मिलेंगे।
अजय राय ने पहलगाम घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। कांग्रेस इस कायराना हमले को अंजाम देने वाले सभी आतंकियों के लिए सख्त कार्रवाई की मांग करती है।
सीएम योगी ने की थी पिता से बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मृत कानपुर के शुभम द्विवेदी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में कानपुर के शुभम द्विवेदी का निधन अत्यंत दुखद है। वहीं दूसरी ओर उन्होंने शुभम के पिता संजय द्विवेदी से फोन पर बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार की ओर से परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शुभम द्विवेदी के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके कानपुर लाया जाए। उन्होंने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शुभम के परिवार की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि पहलगाम हिंसा में आतंकवादियों की गोली का शिकार हुए शुभम द्विवेदी के घर शोक का माहौल है। उनकी दो माह पूर्व ही शादी हुई थी। मंगलवार को पहलगाम में आतंकियों ने शुभम को उनकी पत्नी के सामने ही गोली मार दी थी। शुभम के पिता संजय द्विवेदी सीमेंट के कारोबारी हैं।
धार्मिक स्थलों समेत पूरे प्रदेश में बढ़ी चौकसी
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खासकर अयोध्या, मथुरा, वाराणसी और आगरा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी कमिश्नरेट और जिलों को संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों पर पैनी नजर रखने को कहा गया, जिसके बाद पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और फ्लैग मार्च किया जा रहा है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने किसी भी अप्रिय हालात से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमों को तैयार रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान देने को भी कहा है।