मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस को वाराणसी तक चलाए जाने की तैयारी चल रही है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से रूट का सर्वे कराया जा रहा है। नए साल में मेरठ-लखनऊ वंदे भारत को वाराणसी तक विस्तारित कर दिया जाएगा। इसके वाराणसी तक चलने से मेरठ समेत अन्य जिलों के निवासियों को लाभ मिलेगा।
प्रयास है कि लखनऊ से वाया अयोध्या होकर वाराणसी तक इसे चलाया जाए। एक तरफ रेलवे वंदे भारत के विस्तार में जुटा है वहीं दूसरी ओर भरी सर्दी के माैसम में यात्रियों को लक्जरी ट्रेन में ठिठुरकर सफर करना पड़ रहा है। ट्रेन में न तो ब्लोअर चल रहे हैं और न ही यात्रियों को कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इन रूटों का हो रहा है सर्वे
लखनऊ से वाराणसी वाया सुल्तानपुर रूट सबसे छोटा है, जिस पर सर्वाधिक ट्रेनें गुजर रही हैं। इसके अलावा लखनऊ वाया रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, जंघई है। इस रूट पर भी लंबी दूरी की ट्रेनें चल रही हैं। तीसरा रूट लखनऊ, वाराणसी वाया अयोध्या रूट है। तीनों मार्ग पर मंथन चल रहा है।
संचालन के बाद से ही यात्रियों के टोटे से जूझ रही वंदे भारत
इसी साल 31 अगस्त को मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ था। ट्रेन के संचालन के बाद से ही रेलवे इस ट्रेन में यात्रियों के टोटे से जूझ रहा है बता दें कि इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या 40 प्रतिशत से ऊपर नहीं बढ़ पा रही है। वहीं अब अयोध्या और वाराणसी के लिए भी ट्रेन के विस्तार की मांग की जा रही है।
सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मिल कर इस ट्रेन को वाया अयोध्या होकर वाराणसी तक चलाने की मांग की है। रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारियों का भी कहना है कि रेलवे बोर्ड से सर्वे को हरी झंडी मिल चुकी है। सर्वे के तहत इसके ठहराव, रूट और समय, किराये को लेकर मंथन चल रहा है।
वंदे भारत में ब्लोअर नहीं चल रहे, यात्री परेशान
मेरठ से लखनऊ के बीच चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सर्दी के मौसम में यात्री परेशान हैं। यात्री लगातार शिकायत कर रहे हैं, इसके बावजूद ट्रेन का संचालन कर रहे अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी अनुज शर्मा ने रेलमंत्री को ऑनलाइन इस संबंध में शिकायत की है। अनुज शर्मा ने शिकायत में बताया कि उसने सोमवार सुबह मेरठ से लखनऊ तक का सफर वंदे भारत एक्सप्रेस में किया है। सर्दी में भी ट्रेन के ब्लॉवर नहीं चल रहे। इसकी शिकायत टीटी से की तो उनका कहना था कि एसी ऑटो मोड पर है। अनुज का कहना है कि कंबल की भी सुविधा यात्रियों को नहीं मिल पा रही है। वहीं इन शिकायतों को लेकर अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन में यात्रियों को कंबल की सुविधा की कोई व्यवस्था नहीं है, ब्लोअर न चलने की शिकायत प्राप्त हुईं हैं, इसकी जांच कराई जाएगी।